in

कमलाह में 60 लाख से विकसित होगा खेल मैदान, जलशक्ति मंत्री ने किया भूमि पूजन

हिमवंती मीडिया/मंडी

जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कमलाह में लगभग 60 लाख रूपये की लागत से विकसित होने वाले खेल मैदान का भूमि पूजन किया। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के माध्यम से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कमलाह फोर्ट में इस खेल मैदान के बन जाने से यहां के युवाओं को बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन इत्यादि कई खेल सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर भी मौजूद रहे।

इस मौके पर उपस्थित जन समूह को हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं। उन्होने कहा कि जहां वर्ष 1948 में मात्र 288 किलोमीटर सडक़ें थीं तो आज इनकी लंबाई बढक़र 40 हजार किलोमीटर हो गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक गांव व घर को बिजली व पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हुई है। इसके अतिरिक्त शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित हुआ है।

उन्होने जय राम ठाकुर सरकार के वर्ततान चार वर्षों के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्य मंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में विकास की एक नई गाथा लिखी जा रही है। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का जहां एक समान विकास सुनिश्चित बनाया जा रहा है तो वहीं विकास के नये मील पत्थर भी रखे जा रहे हैं। उन्होने कहा कि जय राम ठाकुर के रूप में प्रदेश को एक ऐसा मुख्य मंत्री मिला है जिसने न केवल गरीबी को देखा है बल्कि गरीबी को जिया भी है। ऐसे में वे प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति के दु:ख दर्द को भलीभांति जानते हैं।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भी गत चार वर्षों के दौरान विकास कार्यों का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। धर्मपुर क्षेत्र के जहां प्रत्येक गांव को सडक़ सुविधा से जोड़ा गया है तो वहीं प्रत्येक घर को शुद्ध पेयजल की सुविधा मुहैया करवाई है। लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने की दिशा में धर्मपुर, संधोल तथा टिहरा में सिविल अस्पतालों के नये भवन निर्मित किये जा रहे हैं। इसके अलावा सभी मूलभूत सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश के पांच पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से किया गया सम्मानित

पालमपुर में अवैध शराब की नौ हजार पेटियां बरामद, हमीरपुर में बार का लाईसेंस रद्द