in

केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन सरकारों के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में गत साढ़े चार वर्षों में हुआ अतुलनीय विकासः जगत प्रकाश नड्डा

हिमवंती मीडिया/शिमला 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने गत साढ़े चार वर्षों में अतुलनीय विकास किया है और यह सब केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन की सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। यह समारोह हाल ही में सम्पन्न चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित किया गया था।
भव्य स्वागत के लिए कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुल्लू जिला के लगभग प्रत्येक गांव के अपने देवता हैं, जिस कारण इसे देवभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में जय राम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपने सभी वायदे पूरे किए है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो इत्यादि के टीके बनने के बहुत वर्षों बाद भारत पहुंचे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना का टीका देश में इस महामारी का पहला मामला मिलने के नौ माह के भीतर तैयार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में इस टीके की 190 करोड़ डोज लोगों को निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आरम्भ किया गया। उन्होंने कोविड-19 टीके की प्रथम व द्वितीय डोज लगाने में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने पर राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को राशन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक स्वदेश वापिस पहुंचाया, जिनमें 430 से अधिक विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश के थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विद्यार्थी भी अपने वाहनों पर भारतीय तिरंगा लगाकर यूक्रेन से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर को बयां करता है, जो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में ही संभव हो सका है।

जगत प्रकाश नड्डा और जय राम ठाकुर ने राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा 108 के अन्तर्गत अतिरिक्त 50 एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

चंबा को हेरिटेज टाउन के रूप में बनाया जाएगा: अनुराग ठाकुर