in

मनाली शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था से खफा कांग्रेस नेता

हिमवंती मीडिया /कुल्लु (रमेश कँवर)
मनाली शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था से कांग्रेस नेता खफा हो गए हैं। उन्होंने नप मनाली की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं उनका कहना है कि अंतराष्ट्रीय पर्यटन स्थल मनाली में कुड़ा प्रबंधन पर्यटन सीजन आने से पहले ही चरमरा गया है। मनाली के मुख्य द्वार के आसपास लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर, नगर परिषद मनाली के सभी मनोनीत सदस्य जगदीश पाल देशी, बलवीर सिंह जानी, रानू देवी, धर्मपाल रुडिग्वा, पूर्व सदस्य प्रेम चंद प्रेमी ने नगर परिषद मनाली की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि नगर परिषद् मनाली की डोर टू डोर गारवेज कलेक्शन योजना ठप हो गई है। सभी सात वार्डों से कचरा कई दिनों तक नहीं उठता। स्थानीय गृ‌हिणी यह शिकायत करती हैं कि शाम के चार पांच बजे कूड़ा-करकट लेने सफाई कर्मी आते हैं। कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने कहा कि मनाली एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। शहर के सभी कोने कूड़े कचरे से भरे रहते हैं। तेज़ धूप निकलने पर लोगों का खड़े रहना मुश्किल हो जाता है।
नगर परिषद मनाली के मनोनीत सदस्य जगदीश और बलवीर ने बताया कि नगर परिषद् का कूड़ा उठाने वाले केवल पैसा कमाना चाहते हैं। उन्हें मनाली की सुंदरता और शहर वासियों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ से मांग की है कि शीघ्र अति शीघ्र बाहरी ठेकेदारों के अनुबंध को निरस्त कर काम किसी और को टेंडर जारी किए जाएं। नगर परिषद मनाली द्वारा अनुबंध पर लिए ठेकेदार की स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल पर अनेकों बार शिकायत की है। लेकिन, कोई समाधान नहीं हो पा रहा। होटल व्यवसायी सुरेश कुमार, राजेन्द्र सिंह ने कहा कि हम होटलों से सूखा और गीला कचरा अलग कर के सफाई कर्मियों को देते हैं। हमारे ही सामने ठेकेदार के कर्मचारी गाड़ी में इकठ्ठा डाल देते हैं। पर्यावरण प्रेमी संजीव शरमन ने कहा कि कुल्लू भूंतर का सारा कचरा मनाली के मुख्य द्वार पर रख पर्यटकों का स्वागत करना समझ से परे है। उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि मनाली में सफाई व्यवस्था बेहतर चली हुई है। यदि कहीं पर कुछ कमियां हैं तो उसे दूर कर दिया जाएगा। जरूरत हुई तो ठेकेदार को नोटिस जारी कर सफाई व्यवस्था सुधारने के आदेश दिए जाएंगे।

भाजपा ने नगर निगम की दृष्टि से की वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति 

4जी सेवाओं के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा बीएसएनल के साथ एमओयू हस्ताक्षरित