धर्मपुर ( प्रे.वि )
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हर खेत को पानी पहुंचाने और किसानों-बागवानों की सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के पूर्ण समाधान के लिए काम कर रही है। प्रदेश में बागवानी विकास और जल संग्रहण पर साढ़े 6 हजार करोड़ रुपए खर्चे जा रहे हैं। महेन्द्र सिंह ठाकुर मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गावो में लोगो को अनेक विकास परियोजनाएं समर्पित करने के दौरान त्योग, नेरी, बजीर चैक, माता मनसा चैक व बनवार कलां में जनसभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साढ़े 6 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं के तहत 1688 करोड़ रुपए की एचपी शिवा परियोजना शुरु की गई है। इसके तहत प्रदेश भर में बागवानी क्लस्टर बनाए जा रहे हैं और फसलों के विविधीकरण पर जोर दिया जा रहा है। 4751 करोड़ रुपए जल संग्रहण पर व्यय किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से वर्ष 2022 से पहले किसानो -बागवानों की आय दोगुनी करने पर जोर दिया जा रहा है।