in

नहीं रही भाजपा की संस्थापक सदस्य श्रीमती लीला टंडन ( मुख्यमंत्री समेत अनेक नेताओं ने उनके निधन पर जताया गहरा शोक )

शिमला ( प्रे.वि )
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनसंघ की ध्वजवाहक,संघर्ष की प्रतिमूर्ति एवं जुझारू महिला नेत्री लीला टंडन अब इस दुनिया में नहीं रही। मण्डी जिला से संबंधित टडन जनसंघ के दौर में अकेली महिला रही,जो उस समय कंवर दुर्गाचंद,दौलतराम चैहान, चौधरी सरवन कुमार, किशोरीलाल वैद्य,ठाकुर जगदेव चंद, गंगा सिंह ठाकुर व शांता कुमार जैसे नेताओं के साथ सक्रिय रही। प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की पहली प्रदेशाध्यक्ष रहीं टंडन कर्मठ, जुझारू एवं कर्मशील थी, जिन्होंने महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय करने और जनसंघ व भाजपा के संगठन को मजबूत करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। आपातकाल के दौरान में जेल में रहकर अनेक कष्ट व यातनाएं सहकर भी उन्होंने काले कानून का डटकर विरोध किया। भाजपा की संस्थापक सदस्यों में शुमार रही श्रीमती टंडन प्रखर वक्ता, कर्मठ कार्यकर्ता और कार्यकर्तओ के साथ ममता भाव रखने वाली नेत्री थीं। हिमाचल में भारतीय जनसंघ व भाजपा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने पार्टी संगठन की मजबूती के लिए अहम योगदान दिया,जिसे भुलाया नहीं जा सकता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय,अटलबिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी,राजमाता विजयाराजे सिंधिया व केदारनाथ साहनी जैसी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर राजनीति में सक्रिय हुई श्रीमती टंडन ताउम्र पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता रहीं। सन् 1977 में जनता पार्टी की टिकट पर मंडी सदर से चुनाव लड़ने वाली पहली महिला नेत्री बनी। सन् 1990 में उन्हें हिमाचल हस्तशिल्प निगम के अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। भाजपा परिवार उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। वह पिछले कुछ समय से पंजाब के रोपड़ में अपने रिश्तेदार के पास रह रहीं थी। 88 वर्षीय श्रीमती टंडन ने चण्डीगढ़ में अंतिम सांस ली। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रथम प्रदेशाध्यक्ष, कर्मठ, जुझारू, महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय करने वालीं श्रीमती लीला टंडन के निधन का समाचार अत्यन्त दुःखद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की राजनीति में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी की मजबूती के लिए अहम योगदान दिया है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कहा कि उन के निधन का समाचार हम सबके लिए दुखदायी है। पार्टी के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा,,राज्यसभा सदस्य इन्दू गोस्वामी,प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्षा रश्मिधर सूद, भारतीय जनसंघ व भाजपा में टंडन के सहयोगी रहे अमरनाथ बंसल ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में वास दे। उधर भाजपा प्रदेश संघठन मंत्री पवन राणा, विधायक राकेश जम्वाल, प्रेम गौतम ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।

50 लोगों को रखा कालाआम और पांवटा साहिब के क्वारंटाइन केंद्रों में- डाॅ परुथी

पच्छाद क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नही-रीना कश्यप