in

कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दुनी चंद ठाकुर का 91 वर्ष की उम्र में निधन

हिमवंती मीडिया/ कुल्लु (केलांग)
लाहुल स्पीति कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दुनी चंद ठाकुर का मंगलवार को निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मिलते ही जहां समस्त लाहौल स्पीति में मातम छा गया है, वहीं खासकर राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। दुनी चंद ठाकुर के बारे में अगर कहे तो वे अपने आप में ही राजनीतिक क्षेत्र में एक महान हस्ती थी जिन की कमी कभी भी पूरी नहीं हो सकेगी। खासकर लाहौल स्पीति में कांग्रेस के संगठन की जड़ें मजबूत करने में जो भूमिका उन्होंने निभाई है वे सराहनीय है। लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने दुनी चंद ठाकुर के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा है कि आज लाहुल स्पीति कांग्रेस ने अपना अनमोल रतन खो दीया है। उनकी कमी हमेशा उन्हें और लाहुल स्पीति कांग्रेस को खलेगी। उन्होंने कहा कि दुनी चंद राजनीति के क्षेत्र में एक महान हस्ती थे और उन्होंने जहां लाहुल स्पीति में ठाकुर निहालचंद, देवी सिंह ठाकुर व लता ठाकुर जैसे दिग्गज नेताओं के साथ काम किया है, वहीं लाहौल स्पीति में कांग्रेस को मजबूत बनाने और खड़ा करने में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
70.80 के दशक में जहां दुनी चंद ठाकुर लाहौल स्पीति कांग्रेस के जिलाध्यक्ष थे, वहीं उस समय 1972 में देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी उस समय लाहुल स्पीति की विधायक लता ठाकुर के विशेष आग्रह पर लाहौल स्पीति में पहली बार आई थी, तो प्रधानमंत्री के लाहुल स्पीति के पहले दौरे में भी घाटी में व्यवस्थाओं को संभालने की जिम्मेदारी लता ठाकुर ने दुनी चंद ठाकुर को दी गई थी, जिसे उन्होंने बखुबी निभाया था। रवि ठाकुर ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में दुनी चंद ठाकुर ने हमेशा उनका मार्ग दर्शन किया। ऐसे में उनके अचानक चले जाने से उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि उन्होंने आज अपना एक राजनीतिक गुरु खो दिया हो। रवि ठाकुर ने कहा कि पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय दुनी चंद ठाकुर के साथ उनकी सैकड़ों ऐसी यादें हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने शोक स्तंभ परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है और ईश्वर से ये प्रार्थना की है कि इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति भगवान परिवार के सदस्यों को प्रदान करे।
यहां बता दें कि दुनी चंद ठाकुर जी लाहुल के शाशिन गांव के रहने वाले थे और लाहुल स्पीति की जानी मानी राजनीतिक हस्ती थी। दुनी चंद ठाकुर जी अपने पिछे चार पुत्रों को छोड़ गए हैं। बहरहाल लाहुल स्पीति में कांग्रेस की जड़े मजबूत करने वाले दुनी चंद ठाकुर का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर ने लाहुल स्पीति कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को सन डाला है। उधर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्त कुलदीप राठौर, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह, पूर्व मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर सहित सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुनी चंद ठाकुर के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की है।

 उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन संपन्न

उप-स्वास्थ्य केन्द्रो के लिए चिकित्सा उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन