in

प्रत्येक पंचायत को मिलेगी 10 लाख रुपए की धनराशिः जय राम ठाकुर

शिमला(प्रेवि):- मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंस  के माध्यम से ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के गेहरा धनेट में 53.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अटल आदर्श विद्यालय, 4.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय बरनोह और 4.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मुर्राह भैंस प्रजनन फार्म बरनोह का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बाद में झलेड़ा में आयोजित स्वर्ण जयन्ती ग्राम स्वराज सम्मेलन को भी वर्चुअली सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री का ऊना जिले के प्रवास का कार्यक्रम था लेकिन शिमला में भारी बर्फबारी के कारण वह व्यक्तिगत तौर पर वहां नहीं जा सके।
क्यारियां में आयोजित जनसभा को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ण राज्यत्व प्राप्त होने के उपरान्त अपनी 50 वर्षो की विकास यात्रा में प्रदेश ने हर क्षेत्र में मुकाम हासिल किया है। राज्य ने तरक्की का यह सफर प्रदेशवासियों के सहयोग तथा समर्थन से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती यात्रा आयोजित की जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से हिमाचल में पिछले 50 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलाव को दर्शाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना सफल हुई है। देश की दो कम्पनियों ने कोविड की वैक्सीन तैयार करने की उपलब्धि हासिल की है। हिमाचल प्रदेश में प्रथम चरण में 93 हजार स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण कार्य पर 150 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल बंगाणा को स्तरोन्नत कर वहां 50 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र थानाकलां में चैबीसों घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को 50 करोड़ रूपये प्रदान किये गए हैं। बंगाणा में 10 करोड़ रूपये की लागत से ब्लाॅक कार्यालय और 18 करोड़ रुपये की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण किया जा रहा है। थानाकलां में ही 10 करोड़ रुपये की लागत से गौ अभयारण्य का निर्माण किया जा रहा है जिसमें 400 बेसहारा पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओलिंडा से बोहरू सम्पर्क मार्ग, 11.67 करोड़ रूपये से निर्मित होने वाले सैली से हंडोला सम्पर्क मार्ग, 7.17 करोड़ रुपये से बनने वाले खरूणी-खैरियां वाया चपलाह, गारलां, डीहर, मकड़ी चम्वोआ सम्पर्क मार्ग, 15.55 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली संवर्द्धन जलापूर्ति योजना धार चमुखा से पिपलू, डरोह, सरोह और चमयारी सिहाना का कार्य शीघ्र आरम्भ किया जाएगा।
जय राम ठाकुर ने झलेड़ा में आयोजित स्वर्ण जयन्ती ग्राम स्वराज सम्मेलन को भी वर्चुअली सम्बोधित किया। उन्होंने लोकतंत्र की मूल इकाई पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

प्लास्टिक के झण्डे के स्थान पर कागज से बने राष्ट्रीय झण्डे का करें उपयोग

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक सेवाएं बहाल करने के दिए निर्देश