in

हिमाचल प्रदेश की राज्‍यसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. सिकंदर कुमार को बनाया प्रत्‍याशी, वर्तमान में विश्‍वविद्यालय में कुलपति के तौर पर है कार्यरत

हिमवंती मीडिया/हमीरपुर 

हिमाचल प्रदेश की राज्‍यसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने सबको चौंकाते हुए डॉ. सिकंदर कुमार को प्रत्‍याशी बनाया है। डाक्‍टर सिकंदर वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्‍वविद्यालय में कुलपति के तौर पर कार्यरत हैं। सिकंदर कुमार ने 2018 में हिमाचल प्रदेश विश्‍वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभाला था। वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से संबंध रखते हैं। उनका राज्‍यसभा में जाना लगभग तय है। भाजपा ने शिक्षाविद को राज्‍यसभा में भेजने का फैसला लिया है। इससे पहले कई नामों पर चर्चा चल रही थी, लेकिन भाजपा हाईकमान ने सबको चौंकाते हुए एक शिक्षाविद को चुना है।

वह 20 विद्यार्थियों के पीएचडी और 52 के एमफिल पर्यवेक्षक रहे हैं। उन्‍होंने करीब 110 सेमिनार, संगोष्ठियां व कार्यशालाओं में भाग लिया है। डाक्‍टर सिकंदर कुमार सीआईएफ नोडल संगठन मुंबई, कृषि लागत योजना, जनसंख्या शोध केंद्र, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पांच वर्ष निदेशक और अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष भी रहे हैं। प्रो. सिकंदर कुमार भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के सदस्‍य भी हैं। हिमाचल प्रदेश विश्‍वविद्यालय के कुलपति के तौर पर तीन साल कार्यकाल पूरा होने के बाद दूसरी बार एक्‍सटेंशन मिली है।

डॉ. सिकंदर कुमार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफसर रहे हैं व करीब तीन दशक से अध्‍यापक कार्य से जुड़े हुए हैं। डॉ. सिकंदर मूल रूप से हमीरपुर जिला के नादौन हलके के कांगू क्षेत्र के रहने वाले हैं। यहां उनका झरेड़ी पंचायत में पुश्‍तैनी घर है। सिकंदर कुमार की तीन पुस्‍तकें भी प्रकाशि‍त हुई हैं, इनमें सांख्‍यिकी पद्धतियां, हिमालयी अर्थशास्‍त्र व सूक्ष्‍म अर्थशास्‍त्र शामिल हैं। इसके अलावा उनके 31 शोध लेख भी प्रकाशित हो चुके हैं।

सिकंदर कुमार ने प्राथमिक शिक्षा डगोह के सरकारी स्‍कूल में ली, इसके बाद दसवीं तक की पढ़ाई कांगू स्‍कूल में की। उन्‍होंने आगे स्‍नातक तक की पढ़ाई हमीरपुर कालेज से करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्‍वविद्यालय से अर्थशास्‍त्र में एमए व फ‍िर पीएचडी की है। परिवार में दो बेटे, पत्‍नी व माता हैं,उनके पिता का कुछ समय पहले निधन हो गया है। वह सामाजिक व धार्मिक कार्यों में बहुत रुचि लेते हैं। संघ से इनका परिवार लंबे समय से जुड़ा है।

 

 

बेघरों को आश्रय प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : जय राम ठाकुर

विकास खंड संगड़ाह की महिलाएं बनेंगी स्वावलंबी – मेला राम शर्मा