पांवटा(ब्यूरो):- हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव का रिजल्ट घोषित हो गया है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को छोड़ कर सभी पदों के लिए परिणाम आ गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में 116215 सदस्य ने अपने मत का इस्तेमाल किया था। जबकि 540 सदस्य ने वोट नहीं किया। अहम यह है कि इस बार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चयन दिल्ली में इंटरव्यू के माध्यम से होना है। सबसे अधिक वोट लेने वाले किन्नौर के निगम भंडारी, मंडी के यदोपति ठाकुर व कांगड़ा के अमित पठानिया में से कोई एक अध्यक्ष बनेगा।
निगम भंडारी ने सबसे अधिक 40010 मत प्राप्त कर पहला स्थान हसिल किया है जबकि 37732 मत लेकर यदोपति ठाकुर दूसरे स्थान पर है। अमित पठानिया 5998 मत लेकर तीसरे स्थान पर है। तीनों का चयन प्रदेश अध्यक्ष के लिए प्रतिनिधि के तौर पर हुआ है। इन तीनों में से एक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनेंगे। दिल्ली में इंटरव्यू के माध्यम से अध्यक्ष पद का चयन होगा।