in

इंतकाल-निशानदेही से जुड़ी ऑनलाईन सेवाओं का लाभ लें लोग : उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर

मंडी(लो.स.वि.):- उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने मंडी जिलावासियों से जिला प्रशासन के मंडी जनसुविधा पोर्टल पर उपलब्ध राजस्व सेवाओं का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने मंडी में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए लोगों से पंजीकरण-इंतकाल-निशानदेही से जुड़ी ऑनलाईन सेवाओं का लाभ लेने को कहा।

ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मंडी जिला प्रशासन ने राजस्व कार्यों के निपटारे में टेक्नॉल्जी के सदुपयोग की अभिनव पहलें की हैं। मंडी जनसुविधा पोर्टल तैयार कर पंजीकरण, इंतकाल और निशानदेही से जुड़ी सेवाएं दी जा रही हैं। मंडी इस प्रकार की पहल करने वाला प्रदेश का पहला जिला है। उन्होंने कहा कि टेक्नॉल्जी के सदुपयोग से जुड़ी पहलों से हमारा ध्येय लोगों को ‘बेहतर सेवाएं एवं सुशासन’ देना है।

मंडी जिला प्रशासन ने मंडी जनसुविधा पंजीकरण मॉडयूल का शुभारम्भ जून 2020 में किया था, जिसके उपरान्त इस मॉडयूल के तहत जिला में अब तक 5317 स्लॉट्स पंजीकरण हेतु जनता द्वारा प्रयोग में लाए जा चुके हैं। राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने अगस्त में मंडी जनसुविधा पोर्टल के इंतकाल मॉड्यूल का शुभारंभ किया था। अब इस पोर्टल में निशानदेही मॉड्यूल भी शुरू कर दिया गया है।

क्या है निशानदेही मॉड्यूल-उन्होंने बताया कि निशानदेही के मामलों की निगरानी, लम्बित मामलों की जॉंच व निशानदेही में लगने वाले समय व अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की निगरानी व जॉंच के लिए तथा पूर्ण प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन निशानदेही मॉड्यूल विकसित किया गया है। कोई भी व्यक्ति अपनी सीमाओं की निशानदेही के लिए www.mandijansuvidha.in/Demarcation  पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।

इंतकाल मॉड्यूल के फायदे-उपायुक्त ने बताया कि इस साफ्टवेयर की मदद से जिला की जनता को अपने इंतकाल हेतु ऑनलाइन समय लेने में सुविधा मिल रही है। कोई भी व्यक्ति  www.mandijansuvidha.in/mutation पर अपने किसी इन्तकाल हेतु ऑनलाइन समय मांग सकता है। उपायुक्त ने जिले की समस्त जनता से इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया।

कैबिनेट मंत्रियों से मिला पत्रकार एकता मंच हिमाचल का प्रतिनिधिमंडल

आई.सी.एस.डब्लू सोलन ने महिलाओं को सिखाया पाइन नीडल द्वारा उत्पाद बनाना