in

जन जागरूकता के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण-नायडू

नई दिल्ली ( प्रे.वि )
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने आज वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए विभिन्न प्रदेशों/केन्द्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों/ उप राज्यपालों से बात की तथा उनके प्रदेशों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लिए जा रहे प्रयासों के बारे में चर्चा की। वे आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा राज्यपालों/ उप राज्यपालों के साथ आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज विश्व, हाल के दशकों की संभवतः सबसे विकट स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहा है। भारत ने इस चुनौती को पूरी गंभीरता से लिया है। उपराष्ट्रपति ने केंद्र और प्रदेश सरकारों के प्रयासों की चर्चा करते हुए टीम इंडिया की भावना की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं कोविड 19 संक्रमण के विरु( इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस संदर्भ में उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह की याद दिलाई कि यदि आप घर से बाहर जाएंगे, तो कोरोना घर में आएगा। देश भर में पूर्ण बंदी लागू कर दी गई है तथा सामाजिक व्यवहार में दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। स्थानीय स्तर पर नागरिक इन प्रयासों में सहयोग भी दे रहे हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जन जागृति फैलाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि आवश्यक है कि प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जनता से निरंतर संवाद करना, उन्हें आधिकारिक सूचना उपलब्ध कराना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि इस चुनौती का सामना करने के लिए वृहत्तर सामुदायिक अभियान चलाने की आवश्यकता होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य प्रशासन, सभी इलाकों में दूध, फल, सब्जी जैसे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। उपराष्ट्रपति ने राज्यपालों/उप राज्यपालों से कहा कि ‘अपने प्रदेशों में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आप राज्य सरकारों के मार्गदर्शक के रूप में प्रेरक नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं। आप सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित कर सकते हैं, जनता, प्रशासन तथा स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर नागरिकों में विश्वास पैदा कर सकते हैं, उनका सहयोग सुनिश्चित कर सकते हैं।’ उपराष्ट्रपति ने राज्यपालों को सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में वे विश्वविद्यालयों से आग्रह करें कि वे ऑनलाइन क्लास के जरिए विद्यार्थियों को पाठ्य क्रम अनुसार शिक्षण कार्य सुचारू रूप से जारी रखें, जिससे शिक्षा सत्र बाधित न हो। राज्यपाल विश्वविद्यालय, केंद्रीय विद्यालयों, धार्मिक संगठनों से संक्रमित व्यक्तियों के लिए अस्थाई वार्ड बनाने के लिए स्थान देने का आग्रह करें।

श्री साई अस्पताल का बड़ा कदम, अब घर बैठे मिलेगी स्वास्थ सुविधाएं ( डॉक्टर ओपीडी, ब्लड सैम्पल व दवाईयों की सुविधा आपके घर पर -इस नबंर 8219681304 पर रहेगी ऑनलाइन की सुविधा, – कॉल, व्हाटसऐप के माध्यम से कर सकते है संर्पक )

मंडी शहर मेंं शुरू हुई राशन-दवाइयोंं की ‘होम डिलीवरी’ ( अब 10 से 1 बजे तक खुलेंगी जरूरी सामान की दुकानें )